BREAKING NEWS

logo

लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री पर फायरिंग से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस को नोटिस


नई दिल्ली,  दिल्ली उच्च न्यायालय ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री पर फायरिंग से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। दीपक खत्री ने अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर अर्जी दाखिल की है। मामले की अगली सुनवाई 13 मार्च को होगी।

दीपक खत्री ने याचिका दायर कर कहा है कि 24 फरवरी की देर रात वो अपनी लीगल टीम के साथ कार में मंदिर से घर लौट रहे थे। तभी कश्मीरी गेट इलाके में मरघट बाबा मंदिर के पास उन पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। दीपक खत्री ने कहा है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं, इसलिए उन्हें तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए दिशानिर्देश जारी किए जाएं।

इस हमले में संदीप नामक युवक को दो गोलियां लगी। संदीप को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस हमले में वकील दीपक खत्री बाल-बाल बच गए। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और उसके गिरोह के सदस्यों ने ली थी।

बिश्नोई के खिलाफ कई आतंकी और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। एनआईए ने बिश्नोई के खिलाफ यूएपीए की धारा 17, 18, 18बी और 38 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में एनआईए चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई जब दिल्ली के तिहाड़ में था उस समय जिस मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था उसका उपयोग आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन के एक सदस्य तिहाड़ जेल में कर रहा था। बिश्नोई और उसके गैंग के सदस्यों के बीच हुई बातचीत इंटरसेप्ट किए गए हैं। लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग के बाकी सदस्यों के खिलाफ दिल्ली में मकोका के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। बिश्नोई पंजाब के सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्या मामले का भी आरोपित है। इसके अलावा उस पर पंजाब के एक होटल मालिक को धमकाने का आरोप है।

लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को एनआईए ने 19 नवंबर 2025 को दिल्ली एयरपोर्ट से गिऱफ्तार किया था। अनमोल बिश्नोई महाराष्ट्र के एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का आरोपित है। अनमोल बिश्नोई ने अमेरिका की एक अदालत में शरण देने की मांग की थी लेकिन उसकी यह मांग अस्वीकार कर दी गई। उसके बाद अनमोल बिश्नोई को डिपोर्ट कर दिल्ली लाया गया था जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।