BREAKING NEWS

logo

मतांतरण की सूचना पर पुलिस का छापा, 40 लोग हिरासत में, सात से पूछताछ जारी



जौनपुर:  यूपी के जौनपुर स्थित केराकत कोतवाली क्षेत्र के तरियारी गांव में रविवार को कथित मतांतरण की सूचना पर पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे। पूछताछ के बाद महिलाओं और बच्चों को छोड़ दिया गया, जबकि सात पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।नरहन गांव निवासी बाबा रामजनम नागर ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि तरियारी गांव में लंबे समय से मतांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने गांव निवासी पुष्पा देवी के आवास पर दबिश दी। 


पुलिस के अनुसार मौके पर प्रार्थना सभा चल रही थी।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुछ धार्मिक पुस्तकें और फोटो सामग्री बरामद की है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को दो पिकअप वाहनों से थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई।इस मामले में बाबा रामजनम नागर ने चार लोगों के खिलाफ मतांतरण कराने का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी है। देर रात पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को छोड़ दिया, जबकि सात पुरुष अभी भी हिरासत में हैं। 


इससे पहले भी इस क्षेत्र में धर्मांतरणत्र को लेकर काफी बवाल हुआ है पुलिस द्वारा कार्यवाही भी किया जाता है बावजूद इसके इलाके में इस तरह की गतिविधियों के संचालित होने से लोगों में रोष बना हुआ है।विदित हो कि इससे पहले भी जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्र में धर्मांतरणत्र के मामले सामने आते रहे है हाल के दिनों में बदलापुर कोतवाली थाना अंतर्गत और सिंगरामऊ कोतवाली अंतर्गत भी धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया था जिसको लेकर बजरंग दल के लोगो ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया था।


इसी तरह लाइन बाजार थाना अंतर्गत रामदयाल गंज में पनिहवा बाबा के नाम से चल रहे ईसाई मिशनीरी से जुड़े और धर्मांतरणत्र करवा रहे चार पुरुषों और एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।इस संबंध में सोमवार को जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक ने बताया कि मतांतरण की सूचना पर पुलिस ने तरियारी गांव में छापा मारा था। मौके पर प्रार्थना सभा चल रही थी, जहां से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।