BREAKING NEWS

logo

महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलिंडर, घरेलू सिलिंडर की कीमत में बदलाव नहीं



नई दिल्ली:  ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने आज से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मतलब रसोई गैस की कीमत में की गई बढ़ोतरी से घर के किचन के बजट पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।

आज कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 49 रुपये से लेकर 50 रुपये तक बढ़ा दी गई है। 


इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक कीमत में की गई बढ़ोतरी के बाद अब राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1691.50 रुपये से बढ़ कर 1740.50रुपये हो गई है। ताजा कटौती में कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 49.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यहां 19 किलो का सिलेंडर 1,844.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि पिछले महीने जनवरी में इसका रेट 1,795 रुपये था। 


इसके अलावा, मुंबई में 19 किलो एलपीजी सिलेंडर का नया रेट 49.50 रुपये बढ़ कर 1,692 रुपये हो गया है, जो पिछले महीने जनवरी में 1,642.50 रुपये था। वहीं चेन्नई में इसकी कीमत 50 रुपये बढ़ा कर 1,849.50 से 1,899.50 रुपये तय की गई है। आज सिर्फ कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में ही कटौती हुई है। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर (रसोई गैस) की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू उपयोग वाले सिलेंडर की कीमत में आखिरी बार 8 अप्रैल 2025 को बदलाव हुआ था। 


दिल्ली में इसकी कीमत अभी 853 रुपये है। इसी तरह कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये, चेन्नई में 868.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये, अहमदाबाद में 860 रुपये, हैदराबाद में 905 रुपये, वाराणसी में 916.50 रुपये और पटना में 951 रुपये है। जानकारों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत और टैक्स स्ट्रक्चर के आधार पर तय की जाती है। 


अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमत बढ़ाने या घटना का सीधा असर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की लागत पर भी पड़ता है। इसीलिए हर महीने की पहली तारीख को लागत की समीक्षा करके गैस सिलेंडर के नए दाम का ऐलान किया जाता है। बताया जा रहा है कि जनवरी के महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमत में तेजी का रुख बना है। इसीलिए आज फरवरी के महीने के लिए कमर्शियल गैस की कीमत में कटौती करने का फैसला लिया गया है।