नई
दिल्ली: ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे
हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए। हालांकि
डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं
एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।
यूरोपीय
बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई
इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 10,148.85 अंक के स्तर पर बंद
हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,933.08
अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत सीएसी
इंडेक्स 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,131.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 289.75 अंक यानी 0.55
प्रतिशत की मजबूती के साथ 53,175 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी
तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,901.82 अंक के
स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है।
फिलहाल ये सूचकांक 87.54 अंक यानी 1.77 प्रतिशत उछल कर 5,037.13 अंक के
स्तर पर पहुंच गया है।
अमेरिकी
बाजार में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी होती रही, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट
के सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स 300 अंक उछलने में सफल रहा।
इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,950.30
अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक
100.12 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,601.36 अंक के स्तर पर बंद
हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.06 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के
साथ 49,383.20 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
एशिया
में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात
के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो
सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.31
प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,012.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी
तरह जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.69 प्रतिशत टूट कर 8,913.65 अंक के स्तर पर
पहुंचा हुआ है।

