BREAKING NEWS

logo

​जमुई:‘स्व-गणना’ के लिए प्रशासन ने झोंकी ताकत, डिजिटल साक्षरता पर जोर


मुकेश कुमार/रांची एक्सप्रेस 

​पटना(बिहार ब्यूरो)।​जमुई जिला प्रशासन जमुई ने आगामी जनगणना 2027 को आधुनिक,सुगम और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।"अपनी जानकारी,अपनी पहचान,स्व-गणना से बढ़ाएं जिले का मान" के प्रेरणादायी नारे के साथ जिले में 'स्व-गणना' अभियान को लेकर सघन जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है।जिला पदाधिकारी नवीन(भा.प्र.से.)के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सरकारी लक्ष्यों को धरातल पर उतारना और नागरिकों को डिजिटल प्रक्रिया से जोड़ना है।इसी क्रम में मंगलवार को जमुई के विभिन्न निजी क्लिनिकों,प्रमुख शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।​अभियान का नेतृत्व संयुक्त रूप से जनगणना के नोडल पदाधिकारी सह सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता श्री गौतम कुमार और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार ने किया।​अभियान के दौरान अधिकारियों ने चिकित्सकों,प्रबुद्ध जनों और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया।गौतम कुमार ने स्व-गणना पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए बताया कि कैसे नागरिक घर बैठे अपनी और अपने परिवार की जानकारी सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकते हैं।उन्होंने जोर दिया कि यह डिजिटल पहल न केवल समय की बचत करेगी,बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार होने वाले आंकड़ों की विश्वसनीयता और सटीकता को भी सुनिश्चित करेगी।​जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है,बल्कि यह भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है।उन्होंने अपील की कि जागरूक नागरिक न केवल अपनी गणना स्वयं करें, बल्कि अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी इस तकनीकी माध्यम के प्रति शिक्षित और प्रेरित करें।​जिला प्रशासन का यह प्रयास सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन और डेटा पारदर्शिता के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।सघन जन जागरूकता के इस अभियान से उम्मीद जताई जा रही है कि जमुई जिला स्व-गणना के क्षेत्र में एक मिसाल कायम करेगा।इस आशय की जानकारी प्रभारी जिला जन संपर्क अधिकारी डॉ मेनका कुमारी ने दी।