सारण: अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक
प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण
समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की अध्यक्षता
में हुई इस बैठक में जिला अभियोजन पदाधिकारी, सभी सरकारी वकील और संबंधित
पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य केंद्र स्पीडी ट्रायल
के लंबित मामले रहे।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गंभीर कांडों में
दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के लिए पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय
अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि चिन्हित मामलों में साक्ष्यों की उपलब्धता
सुनिश्चित की जाए और यह देखा जाए कि गवाह समय पर न्यायालय में उपस्थित हों।
अपराधियों के आर्थिक तंत्र को तोड़ने के लिए अपराध से अर्जित संपत्ति की
जब्ती पर विशेष बल दिया गया।

