BREAKING NEWS

logo

बिहार के नवादा में राजस्व कर्मचारी 35 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


नवादा,  ।नवादा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रोह अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मंगलवार को रोह थाना क्षेत्र के सीतापुर मोड़ के पास की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार पर दाखिल-खारिज के एक मामले को निपटाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कर्मचारी को रिश्वत की रकम लेते हुए धर दबोचा।

बताया जाता है कि जैसे ही गुलशन कुमार ने शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपये की रिश्वत ली, मौके पर मौजूद निगरानी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी कर्मचारी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए निगरानी कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दाखिल-खारिज जैसे कार्यों में अक्सर अवैध वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं, लेकिन इस तरह की सख्त कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में भय पैदा होगा। निगरानी विभाग ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।