BREAKING NEWS

logo

रामनगर में NH-309 पर पिकअप और कार की टक्कर, दो डॉक्टर घायल


नैनीताल, 06 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड के रामनगर में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-309 पर रिंगोड़ा के पास पिकअप वाहन और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

घायलों की पहचान बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग के पीजीजेआर द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों डॉक्टर गर्जिया की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने तुरंत घायलों की मदद की और निजी वाहन से उन्हें रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. तौहिद के अनुसार महिला डॉक्टर प्रस्तुति के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सिर पर गहरी चोट के कारण प्राथमिक उपचार के दौरान टांके लगाने पड़े। वहीं डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए तथा उनके अनुरोध पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।