कोलकाता, पश्चिम बंगाल पुलुस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने अवैध
हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के दो लोगों को गिरफ्तार
किया है। उनके पास से एक नौ मिलीमीटर कार्बाइन और तीन पिस्तौल सहित कई खाली
मैगजीन बरामद की गई हैं।
एसटीएफ के एसपी आईपीएस इंद्रजीत सरकार ने
शनिवार सुबह बताया कि शुक्रवार देर गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम
ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले में बसुदेवपुर थाना क्षेत्र के कयरापुर के पास
छापा मारा। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार
आरोपितों की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के धोबीतला निवासी आलोक कुमार और
मिर्जापुर निवासी प्रेम कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके
कब्जे से एक नौ मिलीमीटर कार्बाइन, दो खाली मैगजीन तथा तीन सात मिलीमीटर
पिस्तौल और छह खाली मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस ने सभी हथियार और मैगजीन जब्त
कर लिए हैं।
इस संबंध में एसटीएफ थाना में शस्त्र अधिनियम की
संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच
कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन हथियारों को कहां
ले जाया जा रहा था तथा इनके पीछे किस गिरोह का हाथ है।
अवैध हथियारों के साथ बिहार के दो तस्कर गिरफ्तार, एसटीएफ ने कार्बाइन और तीन पिस्तौल बरामद कीं
