BREAKING NEWS

logo

सुबह-सुबह मेट्रो सेवा बाधित, यात्रियों को भारी परेशानी



कोलकाता:  महानगर कोलकाता की लाइफ लाइन कही जाने वाली मेट्रो में तकनीकी समस्याएं अब आम बात हो गई है। गुरुवार सुबह ब्लू लाइन मेट्रो सेवा में तकनीकी कारणों से बाधा उत्पन्न हो गई। सुबह 7:35 बजे से 8:17 बजे तक ब्लू लाइन पर निरंतर मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी। इस दौरान केवल मैदान से दक्षिणेश्वर और महानायक उत्तम कुमार से शहीद खुदीराम स्टेशनों के बीच ही मेट्रो का संचालन किया गया।



मेट्रो के सीपीआरओ ने अपने एक आधिकारिक बयान में बताया है कि रवींद्र सदन और नेताजी भवन स्टेशनों के बीच अचानक रखरखाव कार्य शुरू करना पड़ा, जो पूर्व निर्धारित नहीं था। इसी वजह से ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं आंशिक रूप से संचालित की गईं। दिन की शुरुआत में ही मेट्रो सेवा बाधित होने से यात्रियों में खासा असंतोष देखा गया। यात्रियों का कहना है कि ब्लू लाइन में समस्याएं अब नियमित होती जा रही हैं। 


इस समय बड़ी संख्या में स्कूली छात्र मेट्रो से सफर करते हैं, जिनमें कई बच्चे अकेले भी यात्रा करते हैं। मेट्रो सेवा बाधित होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मेट्रो न मिलने पर कई यात्रियों को बसों और अन्य वैकल्पिक परिवहन सेवाओं का सहारा लेना पड़ा, जिससे उनके कार्यालय और स्कूल पहुंचने में देरी हुई। अधिकारी ने बताया है कि फिलहाल सेवा सामान्य होने में थोड़ा वक्त लगेगा।