BREAKING NEWS

logo

महिला ने कोयल पुल से लगायी छलांग, हालत गंभीर


मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र स्थित कोयल पुल पर बुधवार सुबह एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों को पुल पर ही छोड़कर नीचे छलांग लगा दी।

महिला को अचेत अवस्था में इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला बेहोश बतायी गयी है। उसके होश में आने के बाद खुदकुशी करने का कारण स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुल पर जाम की स्थिति भी बन गयी।

महिला की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नावाडीह गेठा निवासी शशि चंद्रवंशी की 28 वर्षीय पत्नी आरती देवी के रूप में की गई है। उसका मायका चैनपुर थाना क्षेत्र के गर्दा नेउरा में है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बच्चों के साथ पुल पर पहुंची थी। अचानक बच्चों को वहीं छोड़कर उसने नीचे छलांग लगा दी। उसका पति कुक का काम करता है। महिला 07 मार्च को फुफेरे देवर की शादी में दोनों बच्चों के साथ पाटन थाना क्षेत्र के पखरवार गांव गई थी। वहां से बुधवार सुबह अपने मायके जाने के लिए कह कर निकली थी।

पति के अनुसार सुबह पत्नी ने फोन कर बताया कि वह कोयल नदी पुल पर है और कूद कर सुसाइड करने जा रही है। पति ने कारण जानने और लोकेशन के बारे में पूछने की कोशिश की तबतक मोबाइल ऑफ हो गया। परिजनों को सूचना देकर परिवार के साथ एमएमसीएच में पहुंचे, जहां पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दोनों नाबालिक बच्चे सुरक्षित हैं।

पति ने बताया कि उसकी वर्ष 2022 में शादी हुई थी। पत्नी छोटी-छोटी बात पर सुसाइड करने की धमकी देती थी। इसे लेकर कई बार ससुराल वालों को भी जानकारी दी गई है।

फिलहाल खुदकुशी के प्रयास के कारणों का पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। एमएमसीएच पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र कुमार के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसके होश में आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।