BREAKING NEWS

logo

सुदीप गुड़िया ने विधानसभा में उठाया जंगली हाथियों के आतंक का मुद्दा


झारखंड विधानसभा में मंगलवार को शून्यकाल के दौरान तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने सदन में तोरपा क्षेत्र अंतर्गत बानो प्रखंड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक का मामला प्रमुखता से उठाया।

विधायक ने सदन को बताया कि इन दिनों बानो प्रखंड एवं आसपास के कई गांवों में जंगली हाथियों का झुंड लगातार उत्पात मचा रहा है। हाथियों द्वारा किसानों की फसलों, घरों तथा अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस वजह से ग्रामीणों के सामने आजीविका के साथ-साथ सुरक्षा की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। कई गांवों में लोग भय के माहौल में जीवनयापन करने को मजबूर हैं।

उन्होंने राज्य सरकार और वन विभाग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट करते हुए मांग की कि प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को हाथियों से बचाव के लिए तत्काल मशाल, टॉर्च एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जिन किसानों और ग्रामीणों की फसल, घर या संपत्ति को नुकसान हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।