राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए खूंटी जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त आर रॉनिटा के निर्देश पर गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आलोक कुमार ने की।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष खूंटी जिले में नीट यूजी परीक्षा में लगभग 154 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन तीन मई को निर्धारित किया गया है। इसके लिए पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय को परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्र का पूर्व निरीक्षण करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दिन सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत रखने पर भी चर्चा की गई।
डीडीसी ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की संभावना को समाप्त करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुख्यालय, संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
खूंटी में नीट यूजी परीक्षा की तैयारियों को लेकर समन्वय समिति की बैठक, तीन मई को होगी परीक्षा
