झारखंड के दुमका जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जामा थाना क्षेत्र के दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर भूरभूरी पुल के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कोल्हरीया गांव निवासी करण मांझी और कटनियां गांव निवासी सोनू कुंवर के रूप में हुई है। वहीं जामा निवासी टमटम कुमार इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तुरंत दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान भूरभूरी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि करण मांझी और सोनू कुंवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को अस्पताल भेजा और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

