BREAKING NEWS

logo

हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार: बिंदल


शिमला । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की सरकार को हिमाचल प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार बताया है। उन्होंने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस की सरकार ने डेढ़ साल में 25 हजार करोड़ रुपये का कर्ज हिमाचल प्रदेश की जनता पर चढ़ा दिया और काम के नाम पर कुछ नहीं किया। केन्द्र की मोदी सरकार ने भारी भरकम राशि आपदा राहत के लिए दी, उन राशियों में सरकार ने बंदरबांट करके जनता के पैसे का दुरूपयोग किया। चुनाव आने पर वोट मांगने के लिए केवल व केवल भाजपा को गाली देना, कांग्रेस के पूर्व विधायकों को गाली देना और पूर्व मुख्यमंत्री को गाली देने के आधार पर कांग्रेस वोट मांग रही है।



बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्ष 2022 के चुनाव के बाद बयान देकर 97 प्रतिशत हिन्दू आबादी का अपमान किया और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी का सनातन को समाप्त करने का एजेंडा जोर-शोर से चल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तय किया है कि ओबीसी आरक्षण का छह प्रतिशत मुस्लिम को दिया जाए और अल्पसंख्यकों को 15 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं देश के लोगों पर वैल्थ टैक्स के नाम से अमेरिका पैटर्न पर टैक्स लगाया जाएगा।



बिन्दल ने कहा कि वर्तमान प्रदेश की सरकार ने डेढ़ साल में एक भी स्कूल, अस्पताल, कार्यालय, संस्थान आदि नहीं खोला और प्रदेश की जनता को धोखा देते हुए 1500 संस्थान बंद कर दिए। भाजपा ने कहा कि चलते अस्पताल, स्कूल, काॅलेज, तहसीलें, उप-तहसीलें, पटवार सर्कल, वैटनरी डिस्पेंसरिंज आदि जो बंद किए हैं, उसके लिए कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश की जनता से मांफी मांगे। बिन्दल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश व प्रदेश में नेता विहीन, नीति विहीन हो चुकी है। इसलिए सारे देश में कांग्रेस के लोग पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।