BREAKING NEWS

logo

बंगाल में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी : दुलाल


झारखंड के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

भुईयां ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का घमंड टूट जाएगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मौजूदा सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है, जिसके कारण लोगों में भारी असंतोष है।

उन्होंने हाल ही में राष्ट्रपति के पश्चिम बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या राज्य सरकार का कोई भी मंत्री प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत करने नहीं पहुंचा। भुईयां ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक पदों के प्रति असम्मान बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश के आदिवासी समाज में नाराजगी है, क्योंकि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ इन वर्गों तक पहुंच रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल की सरकार इन वर्गों के विकास के प्रति गंभीर नहीं है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा।