दुमका, बस स्टैंड में मंगलवार को तमंचा लेकर घूम रहे युवक को
स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मसलिया निवासी मंगल किस्कू
से नगर थाना में पूछताछ चल रही है।
पुलिस यह जानने का प्रयास कर
रही है कि उसके पास तमंचा कहां से आया है। सुबह मंगल झोले में तमंचा लेकर
घूम रहा था, तभी स्टैंड के लोगों ने उसकी संदिग्ध स्थिति देख पकड़ लिया।
उसके झोले की तलाशी ली तो उसमें जंग लगा हुआ तमंचा और एक जिंदा गोली मिली।
स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच युवक को
हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपित युवक ने बताया कि उसने एक युवक से 50
रुपया में तमंचा खरीदा है।
वह किसी को मारने के लिए लेकर नहीं आया
था। केवल दिखावे के लिए लेकर आया था। उसकी बातों से काफी हद तक सही भी थी।
तमंचा से इतनी जंग लगी हुई थी कि फायर होना असंभव था। पुलिस का कहना है कि
आरोपित की हर बात का सत्यापन करने का प्रयास किया जा रहा है। उन लोगों की
तलाश की जा रही है। जिनसे वह तमंचा खरीदने की बात कह रहा है। युवक का कोई
आपराधिक इतिहास भी नहीं है। उसके पास से तमंचा मिला है, इसलिए आर्म्स एक्ट
में जेल भेज दिया जाएगा।

