BREAKING NEWS

logo

हेमंत सरकार छू रही विकास ऊंचाइ, भाजपा को पच नहीं रहा : विनोद


रांची,   झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा है कि हेमंत सोरेन सरकार की विकास योजनाएं भाजपा नेताओं से हजम नहीं हो पा रही हैं। सिर्फ भाजपा झूठ, नकारात्मकता और जातीय विभाजन की राजनीति कर रही है, जबकि वर्तमान सरकार राज्य को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है। पांडेय ने यह बातें मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही।

पांडेय ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में झारखंड की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं और सिंचाई परियोजनाएं केवल फाइलों में सिमटी थीं। लेकिन मुख्‍यमंत्री हेमंत सरकार ने अधूरी योजनाओं को गति दी, सड़कें चौड़ी की जा रही हैं, पुल-पुलियों का निर्माण तेज़ी से हो रहा है और गांव-गांव तक सिंचाई सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने राजधानी रांची में बने एलिवेटेड कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां दौड़ती गाड़ियां भाजपा नेताओं को जरूर दिख रही होंगी। यही वह विकास है, जो उन्हें परेशान कर रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को कभी झारखंड के विकास की चिंता नहीं रही, वे सिर्फ जनता को गुमराह करने और धार्मिक भावनाएं भड़काने में माहिर हैं। उन्होंने दलमा क्षेत्र में सावन के महीने में लगाए गए शुल्क को लेकर भाजपा की ओर से उठाए गए सवालों को धार्मिक उकसावे की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करती है और दलमा क्षेत्र में सुविधा विकास जैसे रास्ते, पानी, और स्वास्थ्य सेवा के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि झामुमो नेतृत्व वाली सरकार विकास और न्याय के रास्ते पर अग्रसर है और भाजपा के पास झारखंड में अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसीलिए वह बार-बार पुरानी रणनीतियों को दोहराकर जनता को भ्रमित करना चाहती है, लेकिन अब यह सफल नहीं होगा।