BREAKING NEWS

logo

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसे में 3 महिलाओं की मौत, 14 से अधिक लोग घायल


गदग (कर्नाटक),कर्नाटक के गदग जिले के रोण तालुका अंतर्गत जिगलूर क्रॉस के पास गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन महिला दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 14 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा क्रूज़र वाहन और एक कैंटर लॉरी के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में मरियमबी हुनगुंद (55), अन्नपूर्णा चंगली (45) और सुजाता होसमनी (30) की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के समय क्रूज़र वाहन में सवार 15 से अधिक दिहाड़ी मजदूरों को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में नागम्मा जाधव, शशिकला मराठे, लक्ष्मव्वा हालकेरी, लक्ष्मी नागप्पा हालकेरी सहित 14 से अधिक लोग शामिल हैं।

सभी घायल गजेंद्रगढ़ के शिवाजी नगर इलाके के निवासी हैं और दिहाड़ी मजदूरी के लिए गजेंद्रगढ़ से रोण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोण से गजेंद्रगढ़ की ओर जा रही कैंटर लॉरी ने जिगलूर क्रॉस के पास क्रूज़र को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही रोण पुलिस थाना कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गदग जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) रोहन जगदीश ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसपी रोहन जगदीश ने बताया कि “इस दुर्घटना में तीन दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हुई है और 14 से अधिक लोग घायल हुए हैं। आशंका है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।”

इस संबंध में रोण पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गजेंद्रगढ़ के शिवाजी नगर क्षेत्र में शोक की लहर है।