BREAKING NEWS

logo

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले हॉकी इंडिया के अधिकारी और हॉकी खिलाड़ी - तमिलनाडु में हो रही जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप स्पर्धा की ट्राफी और प्रतीक चिन्ह भेंट किया



भोपाल,। हॉकी इंडिया के अधिकारियों ने शुक्रवार की रात मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर हॉकी स्पर्धा की ट्राफी और प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समस्त खिलाड़ियों को सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जूनियर हॉकी टीम भी तमिलनाडु में स्वर्ण पदक जीते और हमारी बेटियों ने भी चिली में हो रही स्पर्धा में कमाल दिखाएं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहन देती रहेगी।

मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हॉकी इंडिया के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट से भेंट की और एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 की ट्रॉफी व प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खेल मंत्री के साथ औपचारिक रूप से हॉकी भी खेली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी खिलाड़ी केप्टिन ज्योति सिंह, खैदेम शिलैमा चानू, सोनम और प्रियंका यादव को भारतीय टीम में शामिल होने को उपलब्धि बताते हुए भारतीय हॉकी जूनियर टीम में मध्य प्रदेश की बेटी ज्योति सिंह को टीम की कप्तानी मिलने पर बधाई दी।

इस अवसर पर जानकारी दी गई कि 28 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक चैन्नई, मदुरई (तमिलनाडु) में पुरुष जूनियर हॉकी विश्वकप 2025 में आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय जूनियर हॉकी टीम के स्वर्ण पदक जीतने के लिए बाबा महाकाल से कामना की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने आगामी 01 से 13 दिसम्बर 2025 को सेन्टीगो, (चिली) में आयोजित होने वाले जूनियर महिला हॉकी विश्वकप 2025 में भारतीय महिला हॉकी टीम में प्रदेश की चार बालिका खिलाड़ी सदस्य शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय हॉकी का गौरवमयी इतिहास रहा है और भारत ने ओलम्पिक गेम्स में पुरूष हॉकी में 8 ओलम्पिक स्वर्ण पदक जीते हैं। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की उपलब्धि चिरायु रहे। इसे दृष्टिगत रखते हुए 29 अगस्त को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए खेलो इंडिया योजना 31 जनवरी 2028 से आरंभ की है। प्रधानमंत्री मोदी ने खेलो इंडिया योजना को योजना नहीं एक मिशन माना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के साथ ही हॉकी के खेल का इतिहास प्रदेश में भी गौरवमयी रहा है। भोपाल से ही सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निकले हैं। कैप्टन रूप सिंह, मेजर ध्यानचंद को तो हम याद करते ही हैं, इंदौर के शंकर लक्ष्मण को भी हम भूल नहीं सकते हैं। मध्य प्रदेश शासन द्वारा हॉकी खेल को प्रोत्साहन करने के लिए भोपाल में पुरुष हॉकी और ग्वालियर में महिला हॉकी अकादमी स्थापित की गई है।

इस अवसर पर खेल मंत्री विश्वास सारंग के अलावा मध्यप्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह ,खेल संचालक श्री राकेश गुप्ता भी उपस्थित थे।