BREAKING NEWS

logo

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की,दिए आवश्यक दिशा निर्देश


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान जिले में चल रही विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक की।जिसमें उन्होंने अधिकारियों आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अररिया कॉलेज के अस्थायी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान अररिया जिले के जिलाधिकारी विनोद दूहन ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि सभी लोगों का सम्मान हो एवं उनका जीवन यापन आसान हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करें ताकि बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधायें देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। बिहार में उद्योग लगाने के लिये उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है इससे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। उद्योग लगाने के लिये सभी जिलों में सुविधायें दी जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि बिहार में उद्योगों को और ज्यादा बढ़ावा मिले, बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके एवं उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति बनाई गई है ताकि युवा अपना रोजगार शुरू कर सकें। हमारे राज्य के युवा दक्ष और सक्षम हों इसके लिए हमलोग कार्य कर रहे हैं।

समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, विशेष शाखा के पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव,सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार, पूर्णिया प्रक्षेत्र के प्रभारी पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमार आशीष, जिलाधिकारी विनोद दूहन,एसपी जितेंद्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।