कोलकाता, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध पूर्वाचल कल्याण आश्रम द्वारा आगामी रविवार, 22 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे कला मंदिर प्रेक्षागृह में 43वां वार्षिकोत्सव आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन कोलकाता एवं हावड़ा महानगर इकाई के तत्वावधान में संपन्न होगा।
आश्रम पिछले 73 वर्षों (1952–2025) से जनजाति (वनवासी) समाज के शिक्षा, चिकित्सा, स्वावलंबन और श्रद्धा जागरण के माध्यम से सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है। संस्था का उद्देश्य जनजाति समाज को राष्ट्र की मुख्य विकास धारा से जोड़ना और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात उद्योगपति एवं हरियाणा इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन प्रमोद गुप्ता करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. श्याम अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, लेखक एवं अभिनेता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी (चाणक्य) अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में खाटू नरेश बाबा श्याम की कथा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति “हारे का सहारा - बर्बरीक श्याम हमारा” मंचित की जाएगी। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का निर्देशन सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था ‘मधुर्या’ की पुष्पा अग्रवाल द्वारा किया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जनजाति समाज के उत्थान हेतु चल रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

