BREAKING NEWS

logo

पूर्व तृणमूल विधायक संग्राम दोलाई भाजपा में शामिल


पूर्व मेदिनीपुर, जिले की मयना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल विधायक संग्राम दोलाई मंगलवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें पार्टी का ध्वज सौंपकर औपचारिक रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर मयना के विधायक अशोक दिन्दा भी उपस्थित थे।

भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के दिनों में जिले में जिस तरह से दल-बदल की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे स्थानीय राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है।

उल्लेखनीय है कि गत 13 फरवरी को भाजपा नेता चंदन भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। उस समय उन्होंने मयना क्षेत्र के विकास, विशेषकर मत्स्य पालन आधारित अर्थव्यवस्था की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया था। इस घटनाक्रम के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि तृणमूल का कोई प्रभावशाली नेता भाजपा में शामिल हो सकता है।

इधर, तृणमूल कांग्रेस ने संग्राम दोलाई के भाजपा में जाने को विशेष महत्व नहीं दिया है। जिला तृणमूल अध्यक्ष सुजीत कुमार राय ने कहा कि दोलाई का लंबे समय से संगठन से संपर्क कम हो गया था और उनके जाने से पार्टी पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि मयना क्षेत्र में तृणमूल पहले से अधिक सशक्त स्थिति में है।