BREAKING NEWS

logo

पश्चिम बंगाल में गुंडों, अपराधियों और माफियाओं का राज : दिलीप घोष



कोलकाता:  कोलकाता के गोलपार्क इलाके में हुई हिंसा की घटना को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में गुंडे, अपराधी और माफिया खुलेआम राज कर रहे हैं। रविवार रात रवींद्र सरोवर थाना क्षेत्र के गोलपार्क स्थित कांकुलिया रोड पर असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान गोली चलने की खबर सामने आई है। बमबाजी के आरोप भी लगे हैं। इतना ही नहीं, पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने की भी शिकायत दर्ज हुई है।



इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने सोमवार सुबह कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में गुंडा राज कायम है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों के साथ मिली हुई है और सरकार का हालात पर कोई नियंत्रण नहीं है। दिलीप घोष ने कहा कि जमीन को लेकर आपसी लड़ाइयों में आम लोगों को परेशान किया जा रहा है। घर तोड़े जा रहे हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हाथ से पूरी व्यवस्था निकल चुकी है। भाजपा नेता ने दावा किया कि जब तक मौजूदा सरकार सत्ता में रहेगी, तब तक राज्य में हालात सुधरने की कोई संभावना नहीं है।