अभिनेता
सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा के निधन के बाद परिवार शोक
में डूबा है। सिद्धार्थ ने 17 फरवरी को सोशल मीडिया पर पिता के साथ बिताए
पलों को याद करते हुए भावुक संदेश शेयर किया था। अब उनकी पत्नी और
अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने भी अपने ससुर को श्रद्धांजलि दी है। कियारा की
पोस्ट पर करण जौहर, महीप कपूर, नेहा धूपिया और मनीष मल्होत्रा समेत कई
सितारों ने शोक संदेश शेयर किए।
सुनील मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में कैप्टन थे और 13 फरवरी को दिल्ली में
उनका निधन हो गया था। फिल्म जगत से जुड़े कई कलाकारों ने मल्होत्रा परिवार
के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए इस कठिन घड़ी में उनका साथ दिया।
ससुर को याद कर भावुक हुईं कियारा आडवाणी, भावुक संदेश शेयर किया
कियारा ने अपनी शादी की एक
पारिवारिक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि शुरुआत से ही उनके ससुर ने उन्हें
खुले दिल, गहरी समझदारी और बिना शर्त प्रेम के साथ अपनाया। उन्होंने लिखा,
"आपकी गर्मजोशी हमेशा बनी रही। परिवार के प्रति आपका प्रेम आपके हर काम के
केंद्र में था। आपकी कहानियां, आपकी हंसी और आपका शांत स्वभाव हमेशा मेरे
साथ रहेंगे। आप अपने पीछे कोमलता,
ईमानदारी और गहरे अटूट प्यार की विरासत
छोड़ गए हैं। यह आपके बच्चों, पोते-पोतियों और हम सभी में जीवित है जिन्हें
आपको जानने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। शांति से विश्राम करें। आपको हमेशा
याद किया जाएगा, हमेशा प्यार किया जाएगा और हमेशा याद रखा जाएगा।"
