मेड़ता शहर में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। आधी रात करीब साढ़े बारह बजे दो बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए उनके दो कारीगरों को भी बदमाशों ने नहीं छोड़ा और उन्हें भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है।
जैतारण चौकी क्षेत्र निवासी पंकज सोनी (40) की मेड़ता शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में सराफा की दुकान है। सोमवार रात पंकज अपनी दुकान में पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर संदीप और संजय के साथ बैठे थे। इसी दौरान चाकू लेकर दो बदमाश दुकान में घुसे और अचानक हमला कर दिया।
हमले में पंकज सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप और संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अजमेर रेफर किया गया।
इस नृशंस हत्या के विरोध में मेड़ता के सराफा कारोबारियों में भारी आक्रोश है।
स्वर्णकार समाज व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मीचंद सोनी ने बताया कि घटना के विरोध में मंगलवार को सभी सराफा दुकानों को बंद रखने का निर्णय किया गया है। साथ ही प्रशासन से आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई है।
मेड़ता डीएसपी रामकरण सिंह मलिंडा ने बताया कि हमले के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिनके आधार पर दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपित पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है और शहर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
ज्वेलर की चाकू से गोदकर हत्या, बचाने आए दो कारीगर भी गंभीर घायल
